BCIC के संवाद सत्र में बोलीं वित्तमंत्री सीतारमण-मेरा न तो कोई सपना था, न ही कोई प्रेरणास्रोत

Summary :

वित्तमंत्री सीतारमण ने कहा कि केवल एक चीज है कि मैंने बेहतर प्रदर्शन किया ताकि मैं उन लोगों को निराश नहीं करूं, जिन्होंने मुझे जिम्मेदारी दी है।

केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आज बेंगलुरु चैंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स (बीसीआईसी) द्वारा आयोजित एक संवाद सत्र को संबोधित किया। इस दौरान वित्तमंत्री ने कहा कि जीवन में उनका न तो कोई प्रेरणास्रोत रहा है और न ही कोई सपना। साथ ही उन्होंने कहा कि केवल एक चीज है कि मैंने बेहतर प्रदर्शन किया ताकि मैं उन लोगों को निराश नहीं करूं, जिन्होंने मुझे जिम्मेदारी दी है। 
 संवाद सत्र में सीतारमण से सवाल किया गया, ‘‘जब आप युवा अवस्था में थीं तो आपका क्या सपना था, आपको इस पद पर पहुंचाने का प्रेरणास्रोत कौन था? इस पर सीतारमण ने जवाब दिया, ‘‘बहुत ही प्यारा सवाल है।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन मुझे नहीं लगता कि मेरा कोई सपना था। मैं बस वही करती गई जो मेरे सामने था और आगे बढ़ती गई।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि मैंने अपने जीवन में कोई रास्ता तय किया था। मैं उस रास्ते पर चली जो मेरे सामने था और मैं जहां भी हूं भाग्य मुझे ले आया।’’ सीतारमण ने कहा, ‘‘केवल एक चीज है कि मैंने बेहतर प्रदर्शन किया ताकि मैं उन लोगों को निराश नहीं करूं जिन्होंने मुझे जिम्मेदारी दी है और मैं भारत के लोगों को निराश नहीं करना चाहती।’’ 

Desk Team