तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। बनर्जी ने हावड़ा जिले में शनिवार को एक रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कथित तौर पर देवी सीता और भगवान राम का उल्लेख किया, जिसके चलते विवाद खड़ा हो गया है। इस टिप्पणी के बाद भाजपा और विश्व हिंदू परिषद ने बनर्जी पर हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए जमकर ओलाचना की।
इस संबंध में बनर्जी के भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता ने रविवार को हावड़ा जिले के गोलाबरी पुलिस थाने में बनर्जी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस को राज्य की 70 फीसदी आबादी की परवाह नहीं है और वे केवल 30 फीसदी लोगों के लिए सरकार चला रहे हैं।
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ”देवी सीता और भगवान राम के प्रति अशोभनीय टिप्पणी से तृणमूल कांग्रेस की राजनीति और नीतियां उजागर हो गई हैं।” इस बीच, बनर्जी ने कहा कि उन्होंने मजाक किया था और उनका इरादा किसी की भावनाएं आहत करने का नहीं था। उन्होंने कहा,”मुझे पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बारे में जानकारी मिली है और मैं अदालत में अपना पक्ष रखूंगा।”


Download Android App
Download iOS App



