महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- राज्य में कोविड-19 के हालात गंभीर

Summary :

महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष फडणवीस गोवा के मुख्यमंत्री और पार्टी नेता प्रमोद सावंत से शिष्टाचार भेंट करने यहां आए थे। फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार को जांच बढ़ानी चाहिए तथा और अधिक पृथक-वास केंद्र बनाने चाहिए।

महाराष्ट्र में कोरोना अपने चरम स्तर पर है। विपक्ष लगातार कोरोना के मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनके राज्य में कोविड-19 के हालात गंभीर हैं और संक्रमण से देशभर में मौत के कुल मामलों में 42 प्रतिशत मामले केवल राज्य में सामने आए हैं।
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष फडणवीस गोवा के मुख्यमंत्री और पार्टी नेता प्रमोद सावंत से शिष्टाचार भेंट करने यहां आए थे। फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी सरकार को जांच बढ़ानी चाहिए तथा और अधिक पृथक-वास केंद्र बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मामलों का सही से पता लगाने के लिए एंटीजन जांच और आरटी-पीसीआर जांच उचित अनुपान में होनी चाहिए।
बता दें महाराष्ट्र समेत देशभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा 22,15,074 तक पहुंच गया है और 44,386 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 15,35,743 लोग ठीक हो चुके हैं।

Desk Team