पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए है और चिकित्सकों की सलाह पर घर में ही पृथक रह रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि 77 वर्षीय भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भी संक्रमित हैं और उन्हें मंगलवार शाम शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूत्र ने मंगलवार को कहा, ‘‘ बुद्धदेव भट्टाचार्य, उनकी पत्नी और उनके तीमारदार के नमूने लिए गए थे और वे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।’’उन्होंने बताया कि ‘मेडिकल बोर्ड’ ने मीरा भट्टाचार्य के अस्पताल में भर्ती होने की पुष्टि की है। सूत्र ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने घर पर चिकित्सकों की निगरानी में है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोविड-19 के 19,428 नए मामले सामने आए तथा इस दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से 145 और मरीजों की मौत हो गयी। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर इस बात की जानकारी दी।
बुलेटिन के मुताबिक 19,428 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 11,71,861 हो गयी। इसमें कहा गया है कि राज्य में कोविड-19 के 145 और मरीजों की मौत होने से इस महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 13,576 हो गयी है।
बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 19,050 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए हैं और राज्य में अब तक 10,26,492 लोग इस जानलेवा वायरस के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। बंगाल में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,31,793 है।


Download Android App
Download iOS App



