इस शहर में खास है सौगात : वैक्सीन लगवाइए, मुफ्त बस टिकट से लेकर रेफ्रिजरेटर का उपहार पाइए

Summary :

कोविड-19 के खिलाफ सोमवार से शुरू टीकाकरण महा अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में टीका लगवाने वाले लोगों को तरह-तरह के तोहफे दिए जा रहे हैं।

कोविड-19 के खिलाफ सोमवार से शुरू टीकाकरण महा अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में टीका लगवाने वाले लोगों को तरह-तरह के तोहफे दिए जा रहे हैं। कारोबारी संगठनों और उद्यमियों की ओर से दिए जा रहे इन तोहफों में बस टिकटों से लेकर रेफ्रिजरेटर तक शामिल हैं। 
प्राइम रूट बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने बताया, “हम शहर के नवलखा बस स्टैंड पर बनाए गए केंद्र में कोविड-19 रोधी टीका लगवाने वाले यात्रियों को एक बार के सफर के लिए मुफ्त बस टिकट दे रहे हैं।”उन्होंने कहा, “कोविड-19 के प्रकोप के कारण हमने अपने कारोबार में बड़ा नुकसान उठाया है। लिहाजा हम भगवान से यही प्रार्थना कर रहे हैं कि टीकाकरण अभियान सफल हो और यह महामारी जल्द से जल्द खत्म हो जाए।” शर्मा ने बताया कि नवलखा बस स्टैंड के केंद्र में चालकों, परिचालकों और खलासियों को भी कोविड-19 रोधी टीके लगाए जा रहे हैं। 
अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के तहत पहली बार शहर के तीन शॉपिंग मॉल में भी केंद्र बनाए गए हैं। इन मॉल के मालिक करण छाबड़ा ने बताया, “हम टीका लगवाने वाले ग्राहकों को सेल्फी स्टिक और अन्य तोहफे मौके पर ही दे रहे हैं।” उन्होंने बताया कि तीनों शॉपिंग मॉल में टीका लगवाने वाले ग्राहकों को लकी ड्रॉ के जरिये रेफ्रिजरेटर और अन्य बड़े उपहार भी दिए जाएंगे। 
अधिकारियों ने यह भी बताया कि शहर के कई टीकाकरण केंद्रों को खूब सजाया गया है और वहां टीका लगवाने वाले लोगों को मेहमानों की तरह खातिर-तवज्जो करते हुए उन्हें पोहा, लस्सी और शीतल पेय परोसे जा रहे हैं।

Ujjwal Jain