विपक्षी कांग्रेस ने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि बीजेपी नीत राज्य प्रशासन ‘‘चरमरा’’ गया है और राज्य कर्ज में डूब रहा है लेकिन मुख्यमंत्री लोगों में जोश की बात कर रहे हैं। पणजी में रविवार को मांडवी नदी पर बने तीसरे पुल के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री पर्रिकर ने हाल में रिलीज फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के लोकप्रिय संवाद से अपने भाषण की शुरुआत की थी और जन सभा से कहा था, ‘‘हाउ इज द जोश?’’ सेना द्वारा सितंबर 2016 में किए गए सर्जिकल हमले के दौरान पर्रिकर रक्षा मंत्री थे।
गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने पर्रिकर पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि प्रशासन चरमरा गया है और राज्य ‘‘संकट’’ में घिर रहा है। ऐसे में कुछ नेता पूछ रहे हैं, ‘‘जोश कैसा है?’’ गिरीश चोडनकर ने कहा, ‘‘पहले होश में आओ, बाद में जोश की बात करो। राज्य में हर कोई सो रहा है। मंत्री सो रहे हैं और इस कारण प्रशासन चरमरा गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपको लोगों में जोश कैसे दिखाई देगा? जोश लाने के लिए केवल पुल का उद्घाटन करना ही काफी नहीं है। सरकार को पहले होश में आना चाहिए।’’ चोडनकर ने कहा कि राज्य सरकार को पहले जमीनी हकीकत को देखने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ‘‘संविधान में कमियों’’ का लाभ उठाकर चल रही है।
राज्य पर कर्ज बढ़ रहा है और यह 13000 करोड़ रुपए का आकड़ा छू चुका है। इस बीच गोवा बीजेपी के प्रवक्ता दामोदर नाइक ने कहा कि पर्रिकर का सार्वजनिक रूप से उपस्थित होना और पुल के उद्घाटन के दौरान उनका भाषण विपक्ष के चेहरे पर ‘‘तमाचा’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘ पर्रिकर ने विपक्ष को गलत साबित कर दिया। कम से कम अब वे सरकार चलाने में उनकी क्षमता पर सवाल उठाने बंद कर देंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



