देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ ओमिक्रॉन ने भी चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में लगातार नए केस बढ़ रहे हैं। संक्रमण की रफ्तार तेजी से चिंताजनक होती जा रही है। इस बीच मुंबई से गोवा आये कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर सवार 2,000 से अधिक लोगों में से 66 लोग कोरोना वायरस संक्रमित मिले हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रेव पार्टी का भंडाफोड़
इसी जहाज पर स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने पिछले साल अक्टूबर में एक रेव पार्टी का भंडाफोड़ कर कुछ नामचीन लोगों के जुड़े होने की बात कही थी। मुंबई से गोवा आये जहाज पर नये साल की छुट्टी में निकले लोग सवार थे। पीपीई किट पहने हुए एक चिकित्सा दल यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की आरटी-पीसीआर जांच करने पहुंचा और नमूना लेने की प्रक्रिया सोमवार दोपहर तक जारी थी।
सभी लोगों की जांच करनी जरूरी हो गयी
एक अधिकारी ने बताया कि जहाज के चालक दल का एक सदस्य रविवार को कोरोना वायरस संक्रमित मिला था, जिसके बाद इस पर सवार सभी लोगों की जांच करनी जरूरी हो गयी। अधिकारियों ने निर्देश दिये थे कि जब तक आरटी-पीसीआर जांच का नतीजा नहीं आ जाता, तब किसी को जहाज से उतरने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। जहाज मुरगांव पोर्ट क्रूज टर्मिनल के पास खड़ा है। एक निजी कंपनी का यह जहाज रविवार को गोवा के मुरगांव पोर्ट ट्रस्ट पहुंचा था।
’गोवा में कोविड-19 के 388 नये मामले आये थे
बाद में राणे ने ट्वीट किया, ‘‘कॉर्डेलिया क्रूज जहाज से लिये गये 2,000 लोगों के नमूनों में से 66 यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है।’’गोवा में एक दिन पहले कोविड-19 के 388 नये मामले आये थे और कुल संक्रमितों की संख्या 1,81,570 हो गयी, वहीं एक संक्रमित की मृत्यु होने से मृतक संख्या 3,523 हो गयी।