गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने रविवार को कहा कि केरल में निपाह वायरस के खतरे के बीच गोवा सरकार इससे निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे न घबराएं। राणे ने कहा कि वह एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे और संबंधित अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहेंगे कि इस वायरस को राज्य में फैलने न दिया जाए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘गोवा के स्वास्थ्य निदेशक सार्वजनिक हित में सभी कदम उठाएंगे और स्वास्थ्य सचिव स्थिति पर नजर रखेंगे।’’ राणे ने कहा, ‘‘मैं गोवा के लोगों से अपील करता हूं कि वे न घबराएं और वायरस का कोई भी लक्षण उन्हें दिखाई देता है तो वह तत्काल डॉक्टर से संपर्क करें।’’
केरल के एर्नाकुलम जिले में तीन जून को निपाह वायरस से संक्रमण का मामला सामने आया था और संक्रमित कॉलेज के छात्र की हालत स्थिर है। बीते साल निपाह वायरस की चपेट में आने से केरल में 17 लोगों की मौत हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



