पणजी : गोवा सरकार में मंत्री और भाजपा के नेता मॉविन गोडिन्हो ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि राफेल मुद्दा उठाकर उन्होंने राज्य के अस्वस्थ चल रहे मुख्यमंत्री मनोहरपर्रिकर से हुई अपनी शिष्टाचार भेंट का ‘‘राजनीतिकरण’’ किया है। राज्य के पंचायत मंत्री गोडिन्हो ने कहा कि किसी को आमने-सामने की ऐसी मुलाकातों का फायदा नहीं उठाना चाहिए और न ही अवांछित बयान देने चाहिए। विधानसभा परिसर में कल राहुल और पर्रिकर की मुलाकात के बाद गोडिन्हो ने आज यह हमला बोला।
राहुल ने पर्रिकर से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। पर्रिकर से मिलने के कुछ देर बाद राहुल ने केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि पर्रिकर ने कहा है कि ‘‘नए राफेल करार से उनका कोई लेना-देना नहीं है।’’ गोडिन्हो ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने अच्छा नहीं किया। जब हम एक-दूसरे के प्रति शिष्टाचार प्रदर्शित करते हैं तो यह वहीं तक रहना चाहिए। हम अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों से हो सकते हैं, लेकिन ऐसे मुद्दों में राजनीति नहीं करनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App




