गुजरात की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने राज्य में 31 दिसंबर 2022 तक पिछले दो साल में 4,058 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और 211.86 करोड़ रुपये की शराब जब्त की है।सरकार ने विधानसभा में शनिवार को बताया कि राज्य में इस अवधि के दौरान शराब और मादक पदार्थ से जुड़े मामलों के लिए तीन लाख से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। राज्य में शराब की बिक्री और शराब पीने पर पाबंदी है।राज्य सरकार ने बताया कि पिछले दो साल में वडोदरा में सबसे अधिक 1,620 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और शराब बरामद की गयी।
गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने तारांकित प्रश्न के जवाब में सदन में कहा, ‘‘राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 31 दिसंबर 2022 तक दो साल में 4,058.01 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और 211.86 करोड़ रुपये की शराब जब्त की।’’ये आंकड़ें राज्य के कुल 33 में से 25 जिलों के हैं।
भारत निर्मित विदेशी शराब के मामले में अहमदाबाद जिला सबसे ऊपर रहा। जिले में दो साल में 28.23 करोड़ रुपये की शराब जब्त की गयी।मंत्री ने सदन में बताया कि पिछले दो साल में मादक पदार्थ और शराब जब्त करने के संबंध में कुल 3,39,244 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2,987 लोग इन मामलों में वांछित हैं।


Download Android App
Download iOS App



