पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार को पुलवामा हमले के बारे में खुफिया सूचनाएं थी लेकिन उसने कोई कदम नहीं उठाया क्योंकि वह जवानों की शहादत पर राजनीति करना चाहती है। तृणमूल कांग्रेस की विस्तारित कोर कमेटी को संबोधित करते हुए बनर्जी ने आगामी आम चुनाव में ‘‘तानाशाही वाली नरेंद्र मोदी सरकार’’ को सत्ता से हटाने का संकल्प जताया।
उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस चुनाव में पश्चिम बंगाल में लोकसभा की सभी 42 सीटों पर चुनाव जीतेगी। ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार को पता था कि इस तरह का हमला हो सकता है, इस बारे में खुफिया सूचनाएं थी। इसके बावजूद हमारे जवानों को बचाने के लिए सरकार ने कदम क्यों नहीं उठाया। सरकार ने उन्हें मरने दिया ताकि वे चुनाव में जवानों की शहादत पर राजनीति कर सकें।’’
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने लोकसभा चुनाव के पहले युद्ध को लेकर उन्मादी माहौल बनाने का भी आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने कहा कि कि केंद्र सरकार विचित्र तरीके से काम कर रही है। केंद्रीय मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण फैसले के बारे में पता नहीं होता है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को दो भाई (प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह) चला रहे हैं, जिनके हाथों पर बेगुनाहों का खून है।’’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़ की कोशिश होगी। आपको ऐसी कोशिशों को नाकाम करना होगा।’’


Download Android App
Download iOS App




