लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी का दामन थामने वाले तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर बरसते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को बागी नेताओं को ‘‘लालची और भ्रष्ट’’ बताते हुए कहा कि भगवा पार्टी ‘‘कचरा बटोर रही है।’’
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि वह ‘‘धोखेबाजों’’ का स्थान ‘‘समर्पित सदस्यों’’ को देंगी और जो लोग ‘‘बीजेपी में शामिल होने को लेकर असमंजस में हैं’’ वह तुरंत पार्टी छोड़कर चले जाएं। मई के अंतिम सप्ताह में लोकसभा चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद से अब तक पार्टी के तीन विधायकों और पांच स्थानीय निकाय के ज्यादातर पार्षदों के बीजेपी में शामिल होने की पृष्ठभूमि में बनर्जी का यह बयान आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें उन भ्रष्ट और लालची नेताओं की चिंता नहीं है जो दूसरी पार्टी में जा रहे हैं। वे भाजपा में इसलिए शामिल हुए हैं, क्योंकि उन्हें अपनी करनी का फल मिलने का अंदेशा सता रहा था।’’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर रही है।
पूरे राज्य के पार्षदों के साथ हुई बैठक में बनर्जी ने कहा, ‘‘हम अपना कचरा फेंक रहे हैं और बीजेपी उन्हें बटोर रही है। लेकिन दूसरी पार्टी में शामिल होकर लोग भ्रष्टाचार की जांच से नहीं बच सकते हैं।’’ तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि 2021 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वह पार्टी का पुनर्गठन करना चाहती हैं और जो भाजपा में शामिल होने को लेकर भ्रम में हैं, उन्हें तुरंत पार्टी छोड़ देनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



