गुजरात में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इस बीच, अहमदाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) ने गुजरात उच्च न्यायालय से राज्य सरकार को कोरोना वायरस के लिए बड़े पैमाने पर जांच को बढ़ाये जाने संबंधी निर्देश देने का अनुरोध किया।
एसोसिएशन ने अनुरोध किया है जिन प्रयोगशालाओं में कोरोना वायरस की जांच की जा सकती हैं, उन्हें हर जिले में स्थापित किया जाना चाहिए। एसोसिएशन ने राज्य में कोरोना वायरस की स्थिति से निपटने के बारे में एक जनहित याचिका के साथ सुनवाई के लिए एक आवेदन दायर किया है। इस मामले में अगले सप्ताह सुनवाई हो सकती है।
एसोसिएशन ने आवेदन में कहा है कि वर्तमान में प्रति दिन लगभग 6,000 जांच की दर गुजरात की आबादी और वायरस के प्रसार को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। इसमें कहा गया है कि गुजरात के 33 जिलों में से उन्नीस में प्रयोगशालाएं नहीं हैं जो कोविड-19 के लिए आरटी-पीसीआर जांच कर सकती हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि हर जिले में कोविड-19 के लिए पर्याप्त जांच सुविधाएं होनी चाहिए ताकि लोगों को दूर की यात्रा नहीं करने पड़े। गुजरात में शुक्रवार की शाम तक कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 46,516 और मृतकों की संख्या 2,108 थी।


Download Android App
Download iOS App



