गुजरात : शपथग्रहण से पहले विधानसभा स्पीकर ने दिया इस्तीफा, आज ही होगी कैबिनेट की पहली बैठक

Summary :

गुजरात विधानसभा के स्पीकर राजेंद्र त्रिवेदी ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुजरात राज्य विधानसभा सचिव डी.एम. पटेल ने इस घटनाक्रम की जानकारी दी और अध्यक्ष की सीट को खाली घोषित किया।

गुजरात में नए मंत्रिमंडल के शपथग्रहण से पहले एक और बड़ी खबर आई है। गुजरात विधानसभा के स्पीकर राजेंद्र त्रिवेदी ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गुजरात राज्य विधानसभा सचिव डी.एम. पटेल ने इस घटनाक्रम की जानकारी दी और अध्यक्ष की सीट को खाली घोषित किया। मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद आज ही भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट की पहली बैठक शाम 4.30 बजे गांधीनगर में होगी। गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ये जानकारी दी गई है।


गुजरात राज्य विधानसभा में स्पीकर का पद संभालने वाले वडोदरा के विधायक त्रिवेदी के गुजरात के नवनियुक्त मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में बनने वाले कैबिनेट में शामिल होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि कच्छ विधायक निमाबेन आचार्य अस्थायी रूप से अध्यक्ष का पद संभालेंगी। 

सूत्रों ने बताया कि आचार्य को भाजपा के शीर्ष नेताओं का फोन भी आया जिसमें उन्हें नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की सूचना दी गई। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, लगभग 25 विधायकों, सभी नए चेहरों को नए मंत्रिमंडल में शामिल करने के बारे में टेलीफोन पर बात की गई है। उपलब्ध सूत्रों से कैबिनेट में दो महिला विधायकों को शामिल किया जाएगा।
सूत्रों ने यह भी बताया कि सौराष्ट्र क्षेत्र से सात चेहरों को मौका दिया जाएगा, छह दक्षिण गुजरात से, तीन अहमदाबाद से, तीन नए चेहरे उत्तर गुजरात से और पांच मध्य गुजरात से होंगे। सूत्रों के अनुसार, पाटीदार समुदाय के आठ विधायक और छह विधायक ओबीसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करेंगे, दो-दो क्षत्रिय समुदाय और अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से होंगे।सूत्रों ने कहा कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) के तीन प्रतिनिधि होंगे और एक जैन समुदाय से होगा।

Desk Team