भारतीय तटरक्षक बल (indian Coast Guard) ने गुजरात एटीएस के साथ संयुक्त अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास ICG ने पाकिस्तानी नाव को जब्त किया है। नाव से 50 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत 350 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही नाव पर सवार 6 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
भारतीय तटरक्षक के अधिकारी ने बताया कि “उन्हें पाकिस्तानी नाव की सूचना मिली थी। जिसके बाद आज सुबह एक पाकिस्तानी नाव अल साकर में सवार 6 लोगों और 350 करोड़ रुपये की कीमत की हेरोइन के साथ पकड़ा गया है। अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तानी नाव को और उनमें सवार लोगों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) के पास पकड़ा गया है।”

उन्होंने बताया कि “आगे की जांच के लिए नाव को जखाऊ लाया जा रहा है। ICG द्वारा ATS के साथ पिछले एक साल में यह छठा ऑपरेशन है। एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी घटना है।” इससे पहले 14 सितंबर को एक पाकिस्तानी नाव से लगभग 200 करोड़ रुपये की 40 किलोग्राम हेरोइन पकड़ी गई थी।
गुजरात डीजीपी आशीष भाटिया ने कहा कि गुजरात एटीएस और भारतीय तटरक्षक बल ने एक त्वरित अभियान में गुजरात से 50 किमी दूर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास एक पाकिस्तानी नाव ‘अल साकार’ को पकड़ा। नाव में 6 पाकिस्तानी लोग थे और 350 करोड़ रुपये मूल्य की 50 किलो हेरोइन उनके पास से जब्त की गई है।
उन्होंने कहा कि पता चला था कि पाकिस्तान में स्थित एक बड़े ड्रग लॉर्ड मोहम्मद कादर ने यहां खेप भेजी है। इसका लेन-देन समुद्र में ही होने वाला था। गुजरात एटीएस ने सूचना प्राप्त करते ही ऑपरेशन शुरू किया और इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कुल 6 पाकिस्तानियों को पकड़ा गया है।
मुंबई एयरपोर्ट से 16 किलो मादक पदार्थ जब्त
बता दें कि मादक पदार्थों के खिलाफ देश में एक्शन जारी है। इससे पहले गुरुवार को राजस्व खुफिया निदेशालय ने मुंबई एयरपोर्ट से एक तस्कर के पास से 16 किलो मादक पदार्थ बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे विदेश से मुंबई लाया गया था और इसे दिल्ली ले जाना था। आरोपी को नशीला पदार्थ भारत लाने के लिए 80 हजार रुपये एडवांस में मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



