अहमदाबाद : संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ बुधवार को विभिन्न संगठनों द्वारा किए गए भारत बंद के दौरान गुजरात में सड़क बाधित करने और पथराव की घटनाएं हुईं, जिनमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूरत के लिम्बायत इलाका स्थित मदीना मस्जिद के पास नकाबपोश लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें एक सहायक उपनिरीक्षक घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि हालात को काबू करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया और इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस ने बताया कि सूरत के कतारगाम इलाके में टायर जला कर सड़क बाधित करने के मामले में कम से कम 70 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने केरला गांव के पास अहमदाबाद-राजकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी टायर जलाकर रास्ता बाधित कर दिया जिसकी वजह से अहमदाबाद के बावला शहर में भारी जाम लग गया।
अधिकारी ने बताया कि करीब एक दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और यातायात बहाल कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि बंद की वजह से वडोदरा, भरुच और सूरत शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानें बंद रहीं। बंद का असर भरुच शहर के समीप के गांवों में भी देखने को मिला। उन्होंने बताया कि भावनगर में दुकान बंद कराने की कोशिश कर रहे बहुजन क्रांति मोर्चा के 24 सदस्यों को हिरासत में लिया गया है। बहुजन क्रांति मोर्चा के सदस्यों को वडोदरा में भी दुकाने बंद कराते हुए देखा गया। उल्लेखनीय है कि बहुजन क्रांति मोर्चा और कुछ अन्य संगठनों ने सीएए और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक पंजी के विरोध में बंद का आह्वान किया था।


Download Android App
Download iOS App



