वैक्सीनेशन टारगेट पूरा नहीं होने पर मध्य प्रदेश में ग्वालियर के कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसी धमकी दी जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि अगर एक दिन भी वैक्सीनेशन में देरी हुई तो मैं फांसी पर टांग दूंगा। उनकी यह धमकी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
ग्वालियर के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह मंगलवार को तहसील भितरवार के स्वास्थ्य केंद्र पर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने टीकाकरण की भी जानकारी ली। जब उन्हें पता चला कि तहसील में बीते चार दिन से टीकाकरण शिविर का आयोजन नहीं किया, तो वह आग बबूला हो उठे।

मौके पर मौजूद अधिकारियों से टीकाकरण शिविर न लगने का कारण पूछा। अधिकारियों के जवाब पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने धमकी दे डाली। उन्होंने कहा, ‘मुझे कोई मतलब नहीं है, अगर एक दिन भी वैक्सीनेशन में देरी हुई तो मैं फांसी पर टांग दूंगा। मुझे कोई मतलब नहीं। एक भी टीका छूटा, घर में लगाओ…खेत में लगाओ, आदमी के पैर में लोटे रहो….24 घंटे उसके घर में बैठे रहो।’
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि 18000 वैक्सीनेशन का लक्ष्य अगर पूरा नहीं किया जाता है तो मैं सभी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत टर्मिनेट करने की कार्रवाई करूंगा। मुझे शुक्रवार तक 99 फीसदी लक्ष्य चाहिए। मैं शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे आऊंगा और लक्ष्य के प्रति जवाबदेही ना दिखाने वालों के खिलाफ टर्मिनेट करने की कार्रवाई करूंगा।


Download Android App
Download iOS App



