हरिद्वार : हरिद्वार धर्मनगरी में सोमवती अमावस्या पर गंगाघाटों के साथ ही अन्य नदियों के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ ही पूजा अर्चना की। साथ ही दान देकर पुण्य भी अर्जित किया। हरकी पैड़ी के घाटों सहित अनु गंगा घाटों पर गंगा मैया के जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद दान पुण्य के साथ ही वटअमावस होने के कारण वट वृक्ष की पूजा अर्चना कर परिक्रमा की गई।
पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबन्ध किए थे। सोमवती अमावस्या स्नान सभी अमावस्याओं के स्नान में प्रमुख माना जाता है। कुंभ-अर्द्धकुंभ के स्नानों के बाद सोमवती स्नान पर सबसे अधिक भीड़ जुटती है। यही कारण यहा कि सोमवार की तड़के से ही हरिद्वार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं, रविवार से ही अमावस्या का पुण्य काल शुरू हो गया था। इसलिए रविवार से ही लोग हरिद्वार पहुंचने लगे थे।
रात भर से लोगों के डग हरकी पैड़ी की ओर बढ़ते रहे। ब्रह्म मुहूर्त से स्नान शुरू हुआ। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ने लगी थी। स्नान के चलते हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट, बिरला घाट, लवकुश घाट, विश्वकर्मा घाट, प्रेमनगर आश्रम घाट आदि घाटों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा रहा।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



