Heat Stroke Death Maharashtra: देशभर में गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। इस बीच महाराष्ट्र के लातूर जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। लातूर में भीषण गर्मी और लू के चलते 9 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बच्ची की मां उसे झूले में सुलाकर काम में व्यस्त हो गई। उस समय इलाके का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका था। बच्ची कम ऊंचाई वाले टीन की छत के घर में थी, गर्मी इतनी ज्यादा थी कि उसका गला सूख गया और जीभ तालू से चिपकने से उसकी मौत हो गई। भीषण गर्मी से महाराष्ट्र में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है।
Heat Stroke Death Maharashtra: हीट वेव और भीषण गर्मी से गई मासूम की जान

जब तक परिवार को इसका अंदाजा होता, बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादा गर्मी होने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की समस्या होने लगती है, जिससे संभवतः बच्ची की जान चली गई। यह संकेत देती है कि हीट वेव छोटे बच्चों के लिए कितना खतरनाक साबित हो सकता है।
राज्य में 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पंहुचा पारा
राज्य में भीषण गर्मी पड़ रही है। रविवार को राज्य के अकोला में सीजन का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो पिछले पांच साल में अप्रैल महीने का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। IMD के मुताबिक, फ़िलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते विदर्भ में अगले दो दिन तक लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
Heat Stroke Death Maharashtra: खेत में काम कर रहे किसान की मौत

महाराष्ट्र के लातूर जिले के निलंगा के औराद शहाजणी इलाके में तापमान 42.8 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां लू और तेज गर्मी के चलते एक किसान की मौत हो गई। 60 साल के लक्ष्मण दादाराव भंडारे खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पिछले 15 दिनों से इलाके में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। यह महाराष्ट्र में हीट स्ट्रोक से तीसरी मौत बताई जा रही है।
Also Read: उफ्फ ये Heat Wave! बचना है तो अपनी डायट में शामिल करें ये बदलाव, रहेगा शरीर हाइड्रेटेड


Download Android App
Download iOS App




