महाराष्ट्र के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगमन हो चुका है और मुंबई में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसके चलते करीब 30 लोकेशंस पर बसों के रूट को डायवर्ट करना पड़ा है। मुंबई के मुंब्रा, कोपर खैराने, मोहाने, पनवेल, मलवानी वर्सोवा समेत कई इलाकों में अच्छी खासी बारिश हुई है।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा बताया देश की वित्तीय राजधानी में जलभराव, लोकल ट्रेन सेवाओं में रूकावट की खबर आ रही है और महाराष्ट्र सहित मुंबई में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान मॉनसून के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के और हिस्सों, ओडिशा के कुछ हिस्सों और पश्चिम बंगाल के और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। “
उप महानिदेशक (डीडीजी), आईएमडी मुंबई डॉ जयंत सरकार ने कहा मुंबई में मानसून आ गया है। सामान्य आगमन की तारीख हर साल 10 जून है, इस बार मानसून औसत आगमन की तारीख से पहले आ गया है। मौसम विभाग ने मुंबई और उपनगरों में मध्यम बारिश / गरज के साथ आसमान में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। छिटपुट स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई के कोलाबा और सांताक्रूज में मंगलवार सुबह 8:30 बजे से बुधवार सुबह 5:30 बजे के बीच क्रमश: 65.4 मिमी और 50.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिण मुंबई में मंगलवार देर रात से ही भारी बारिश हो रही है। ब्रीच कैंडी का पूरा हिस्सा जलमग्न हो गया है और फुटपाथ भी जलमग्न हो गया है। बारिश के कारण पूर्वी राजमार्ग पर दृश्यता भी कम रही।
मुंबई पुलिस ने यात्रियों को जलजमाव के कारण कुछ क्षेत्रों से बचने के लिए एक सलाह जारी की जिसमे नेताजी पालकर चौक, एसवी रोड बहेरामबाग जंक्शन, सक्कर पंचायत चौक, नीलम जंक्शन, गोवंडी, हिंदमाता जंक्शन, इकबाल कमानी जंक्शन, धारावी रेस्तरां, धारावी, सायन जंक्शन और किंग सर्कल इलाके शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



