हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद राम स्वरूप शर्मा की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में विपक्षी दल कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने प्रश्नकाल के बाद यह मुद्दा उठाया। बीजेपी सांसद का शव 17 मार्च को नई दिल्ली में उनके आवास पर पर पंखे से लटकता पाया गया था।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य के लोग, खास कर उनके निर्वाचन क्षेत्र मंडी के लोग शर्मा की ‘‘रहस्यमय तरीके से हुई मौत’’ के असली कारण के बारे में जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा ‘‘अगर बॉलीवुड के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की सीबीआई जांच की जा सकती है तो शर्मा की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश क्यों नहीं दिए जा सकते।’’
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। ठाकुर ने कहा कि जांच के नतीजे सामने आने तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि शर्मा ने अपने लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य की वजह से यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि शर्मा को प्रोस्टेट सहित अन्य समस्याएं थीं। ठाकुर ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि शर्मा की मौत को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने फेसबुक पोस्ट डाले जिनमें शर्मा की मौत के मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई है। शर्मा 2014 और 2019 में मंडी लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। 17 मार्च को उनका शव नयी दिल्ली में उनके आवास पर पर पंखे से लटकता पाया गया था।


Download Android App
Download iOS App



