हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। बंजार घाटी के घियागी इलाके में NH-305 पर एक ट्रैवलर के खाई में गिर जाने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में 10 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दुख जताते हुए मारे गए लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में टूरिस्ट वाहन के खाई में गिरने की घटना अत्यंत दुखदायी है। दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खो दिया है, उनके परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। इसके साथ ही घायलों की हरसंभव मदद की जा रही है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि जिला कुल्लू में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से ऐसी प्रार्थना करता हूं।
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, कुल्लू के औट-लुहरी NH-305 पर घियागी के पास ट्रैवलर बस के खाई में पलटने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखदाई है। मेरी संवेदना शोकाकुल परिवारों के साथ है।घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं अपने श्रीचरणों में स्थान दे। ॐ शान्ति!

दरअसल, बीती रात करीब 8:30 बजे बंजार घाटी के घियागी इलाके में NH-305 पर एक ट्रैवलर खाई में जा गिरा। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। 5 घायलों को जोनल अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया है और 5 का इलाज बंजार में एक अस्पताल में चल रहा है।
ट्रैवलर में राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली सेमत कई राज्यों के यात्री सवार थे। बंजार से बीजेपी विधायक सुरेंद्र शौरी ने रात करीब 12:45 बजे फेसबुक लाइव होकर हादसे की जानकारी दी। पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया।


Download Android App
Download iOS App



