बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने झारखंड बनाया और नरेंद्र मोदी सरकार इसे आगे ले जा रही है। अमित शाह ने चतरा में एक चुनावी रैली में कहा कि झारखंड ने पहले की सरकारों के कार्यकाल में बड़े-बड़े भ्रष्टाचार देखे हैं लेकिन राज्य में रघुबर दास सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि जेएमएम, कांग्रेस और राजद गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं हेमंत बाबू (सोरेन) से पूछना चाहूंगा कि जब झारखंड के युवा अलग राज्य के लिये लड़ाई लड़ रहे थे तब कांग्रेस का रुख क्या था।’’ गृह मंत्री ने दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और रघुबर दास सरकार ने झारखंड में नक्सलवाद को जमीन से 20 फुट भीतर दफना दिया है।

अमित शाह ने कहा, ये नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्र है। आप बताइए कि कमल फूल की सरकार आने से पहले शाम को बारात ले जा सकते थे क्या? क्या शाम को बिटिया की शादी करा सकते थे क्या? आज डंके की चोट पर रात को 12 बजे भी बारात लेकर जाइए, किसी नक्सली की हिम्मत नहीं है कि कुछ गड़बड़ कर सके। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि दास सरकार ने राज्य में 38 लाख घरों में बिजली पहुंचायी है। इस देश के लोगों ने झारखंड के लोगों ने एक प्रधानमंत्री को चुना जो एक चाय बेचने वाले का बेटा है। उन्होंने माताओं और बहनों की पीड़ा को समझा और 73,178 शौचालय अकेले चतरा विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की पांच साल की सरकार को याद कीजिए। पांच साल में हमारे मुख्यमंत्री रघुवर दास जी झारखण्ड के अंदर उद्योग लाए, रोड का जाल बिछाया। जब-जब कांग्रेस की सरकार रही, तब झारखण्ड की स्थापना नहीं हो सकी। जबकि कई युवा शहीद हुए, कई लोगों ने अपना जीवन लगा दिया था।


Download Android App
Download iOS App



