कर्नाटक की महिला को पति ने दुबई से व्हाट्सएप पर दिया ‘तीन तलाक’

Summary :

पुलिस ने बताया कि पहले महिला के पति ने उसे व्हाट्सएप पर तीन तलाक का संदेश भेजा और उसके बाद फोन करके यही बातें कही।

कर्नाटक के शिवमोगा में एक मुस्लिम महिला को उसके पति ने दुबई से व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से कथित तौर पर ‘तीन तलाक’ दे दिया। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में की है। पुलिस ने महिला की शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि दंपति की शादी 20 साल पहले हुई थी और महिला का पति जनवरी में शारजाह-दुबई गया था एवं वापस नहीं आया। 
उन्होंने बताया कि कुछ बातों को लेकर महिला का पति हमेशा उससे झगड़ा करता रहता था और अंत में अगस्त में उसने यह कहते हुए तलाक दे दिया कि वह अब उसे नहीं पसंद है। पुलिस ने बताया कि पहले महिला के पति ने उसे व्हाट्सएप पर तीन तलाक का संदेश भेजा और उसके बाद फोन करके यही बातें कही। 
दंपति की अपनी कोई संतान नहीं है और दोनों अपने 40वें साल में हैं। इन्होंने एक लड़की को गोद लिया है। महिला ने तलाक ‘स्वीकार नहीं किया’ है और शिकायत दर्ज कराके न्याय की मांग की है। इस संबंध में मुस्लिम महिला (विवाह सुरक्षा) अधिनियम, 2019 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। 

Desk Team