मध्य प्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा है कि सोशल मीडिया पर उनका कोई अकाउंट नहीं है, उनके नाम से जो अकाउंट चल रहे हैं, वे सभी उनके प्रशंसकों के हैं। सोशल मीडिया पर उनके नाम से कई अकाउंट होने के सवाल पर प्रज्ञा ठाकुर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से यहां कहा, ‘सोशल मीडिया के प्लेटफार्म फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, इंस्टाग्राम आदि पर मेरा कोई अकाउंट नहीं है।
न तो ज्यादा मोबाइल चलाती हूं, न ही मेरे पास इसके लिए समय है। सोशल मीडिया पर जो भी मेरे नाम से अकाउंट हैं, वे समर्थकों व चाहने वालों के हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में सोशल मीडिया पर अपना अकाउंट शुरू करूंगी तो सबको इससे अवगत कराऊंगी। अभी तक जो अकाउंट हैं, वे मेरे नहीं हैं।’ प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें नौ साल तक जेल में रखा जिससे वह अपने जीवन में 20 साल पीछे चली गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



