देहरादून में रमज़ान और नवरात्र तथा विवाह समारोहों के मद्देनजर रात के कर्फ्यू का वक्त दस बजे से बढ़ा कर साढ़े दस बजे कर दिया गया है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मंगलवार को नवरात्र और इन दिनों में पड़ने वाले विवाह समारोहों तथा रमज़ान को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए रात के कर्फ्यू का वक्त 10 बजे की बजाय साढ़े 10 बजे करने के निर्देश दिए। ये उन्हीं स्थानों के लिए है, जहां पहले से ही रात्रि कर्फ्यू लागू है।
रावत ने जनता से कोविड-19 नियमों का पालन करने की अपील की साथ ही समस्त ज़िलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ने के बाद राज्य मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को देहरादून नगर निगम क्षेत्र में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया था।
वहीं, गढ़ी कैंट बोर्ड और क्लेमेनटाउन का क्षेत्र भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगा। इस दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे, लेकिन उनके वाहनों के आवागमन की छूट रहेगी। ताकि वह माल की लोडिंग-अनलोडिंग कर सकें।


Download Android App
Download iOS App



