मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए प्रशासन ने मंगलवार से यहां तीन स्थानों पर विशेष केंद्र शुरू किए। इन केंद्रों में लोग अपनी गाड़ी पर बैठे-बैठे ही महामारी का टीका लगवा सकते हैं।अधिकारियों ने बताया कि धन्वन्तरि ड्राइव-इन टीकाकरण केंद्र नेहरू स्टेडियम, दलाल बाग और कनकेश्वरी देवी मैदान पर शुरू किए गए।
उन्होंने बताया कि राज्य के जल संसाधन मंत्री और इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इन केंद्रों की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर स्थानीय लोकसभा सांसद शंकर लालवानी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि 45 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोग तीनों केंद्रों में अपनी दोपहिया या चारपहिया गाड़ी में बैठे-बैठे कोविड-19 का टीका लगवा सकते हैं।
इससे पहले, उनका मौके पर ही पंजीयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के तीन अन्य स्थानों पर भी ड्राइव-इन टीकाकरण केंद्र शुरू किए जाने की योजना है। गौरतलब है कि इंदौर, मध्य प्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है।
हालांकि, जिले में पखवाड़े भर के दौरान सरकारी आंकड़ों में महामारी के नये मामलों में सिलसिलेवार गिरावट देखी गई है।आंकड़ों के मुताबिक, करीब 35 लाख की आबादी वाले जिले में 24 मार्च 2020 से लेकर अब तक महामारी के कुल 1,50,178 मरीज मिले हैं। इनमें से 1,343 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



