Influencer Killed Ex Professor : महाराष्ट्र के छत्रपति सांभाजी नगर से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर ‘रील स्टार’ के नाम से पहचान रखने वाले एक युवक पर अपने ही रिटायर्ड प्रोफेसर दोस्त की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने करीब 40 दिन बाद इस हाई-प्रोफाइल केस का खुलासा करते हुए जंगल से शव बरामद किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 60 साल के राजाबाऊ सूबेराऊ लोंढे के रूप में हुई है, जो एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में एक्स HoD रह चुके थे। वे शहर के उस्मानपुरा इलाके में रहते थे। जांच में सामने आया कि उनकी दोस्ती 24 वर्षीय विशाल विकास राठोड से थी, जो सोशल मीडिया पर “लाला” नाम से जाना जाता है।
Influencer Killed Ex Professor: निवेश विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रोफेसर लोंढे ने विशाल और उसके साथियों के कथित मीडिया प्रोजेक्ट या रियलिटी शो में करीब 40–50 लाख रुपये निवेश किए थे। जब यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ा और प्रोफेसर ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी को विशाल राठोड ने गेवरई टांडा के जंगल इलाके में पहले से करीब आठ-आठ फुट गहरे गड्ढे खुदवा लिए थे। इसके बाद 5 फरवरी की रात उसने प्रोफेसर को पार्टी के बहाने बुलाया और कथित तौर पर उनकी ही बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी।
Maharastra Crime News: हत्या के बाद कई घंटे तक शहर में घूमते रहे
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कार की डिक्की में रख दिया और करीब 8 घंटे तक शहर में घूमते रहे। अगले दिन तड़के वे जंगल पहुंचे और पहले से खोदे गए गड्ढे में शव को दफना दिया। बाद में जेसीबी मशीन से गड्ढा पूरी तरह भरवा दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जांच को गुमराह करने के लिए मृतक का मोबाइल अपने साथ ले लिया और पुणे चले गए। वहां से उनके फोन से एक स्टेटस भी डाला गया, जिससे लोगों को लगे कि प्रोफेसर किसी निजी काम से शहर से बाहर हैं। जब कई दिनों तक उनका कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
Chhatrapati Sambhaji Nagar Murder: पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को विशाल राठोड और उसके साथियों पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर करीब 40 दिन बाद जंगल से शव बरामद किया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल राठोड के अलावा उसके दो साथियों आकाश पवार और करण आड़े को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विशाल राठोड सोशल मीडिया पर “लाला” नाम से काफी लोकप्रिय था। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 1.75 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियां अब इस मामले में यह भी देख रही हैं कि कहीं इसमें किसी महिला या हनी ट्रैप का एंगल तो शामिल नहीं है।
यह भी पढ़ें – बंगाल में 2 फेज में होगा बंगाल चुनाव, लगभग 7 करोड़ लोग वोट करेंगे, जानिए इस बार कौन किस पर हावी


Download Android App
Download iOS App




