कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों गरीबों को सशक्त बनाने की बजाय कुछ बड़े उद्योगपतियों की मदद कर रहे हैं।
केरल विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड पहुंचे कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, ‘‘प्रधानमंत्री का मानना है कि अगर आप बड़े कारोबारों में पैसे लगाएंगे तो अर्थव्यवस्था गति पकड़ लेगी। लेकिन होता यह है कि ये सब बड़े कारोबारी पैसे खुद ले लेते हैं।’’ उन्होंने वायनाड के मनन्थावडी और सुल्तान बतेरी इलाकों में रोडशो भी किया। कलपेटा में आयोजित एक चुनावी सभा में राहुल गांधी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के पास आर्थिक संकट को दूर करने का समाधान है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केरल की अर्थव्यवस्था चालू करने के लिए हम ‘न्याय’ का विचार दे रहे हैं। इससे न सिर्फ गरीबों को मदद मिलेगी, बल्कि केरल की अर्थव्यवस्था गति पकड़ लेगी तथा नौकरियों का सृजन आरंभ हो जाएगा।’’ गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ‘न्याय’ योजना के तहत गरीब लोगों के खातों में प्रति माह छह हजार रुपये डाले जाएंगे। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कांग्रेस का मानना है कि अगर आपको अर्थव्यवस्था को गति देना है तो गरीब लोगों, करोड़ आम लोगों के हाथ में पैसे देने होंगे।’’
कांग्रेस नेता ने तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने तीनों कानून पारित करवाएं हैं। हमें इसके खिलाफ लड़ना होगा।’’ वायनाड से लोकसभा सदस्य ने यह भी कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण चीज है कि फिर से वायनाड की सोच को वापस लाया जाए और इसका कोई कारण नहीं है कि यह स्थान फिर से दुनिया में मसाले की राजधानी की पहचान हासिल करे। गौरतलब है कि केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों के लिए छह अप्रैल को मतदान होना है।


Download Android App
Download iOS App



