राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने कहा कि आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली पार्टी वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ गठबंधन करना चाहती है। अजित पवार ने कहा कि वीबीए ने इस साल संपन्न लोकसभा चुनाव अकेले लड़ा था।
इसके परिणाम स्वरूप कांग्रेस-राकांपा गठबंधन और वीबीए को नुकसान हुआ। रविवार की शाम एक सभा को संबोधित कर रहे अजित पवार ने कहा, ‘‘हम समान विचारधारा वाले लोगों को साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। हम वीबीए के साथ गठबंधन करना चाहेंगे।’’
4 राज्यों की 4 विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव जारी, UP में बारिश के चलते मतदान की गति धीमी
राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे की कुल आठ विधानसभा सीटों में से राकांपा चार और कांग्रेस तीन पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अन्य एक सीट गठबंधन सहयोगी को दिए जाने की संभावना पर विचार जारी है। पवार ने कहा कि कई राकांपा कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं, ‘‘लेकिन हम सीमित लोगों को ही टिकट दे सकते हैं।’’
गौरतलब है कि वीबीए के साथ 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने वाली ‘आल इंडिया मजलिस-इ-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) ने इस माह के शुरू में प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाले दल से रिश्ता तोड़ लिया। राकांपा प्रमुख शरद पवार ने पिछले सप्ताह कहा था कि 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए उनकी पार्टी और कांग्रेस 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
राज्य में 21 अक्टूबर को एक चरण में ही मतदान होगा। उन्होंने कहा था कि अन्य 38 सीटें सहयोगियों के लिए छोड़ी जाएंगी। साथ ही राकांपा ‘नए चेहरों’ को भी मौका देगी।


Download Android App
Download iOS App



