मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह के पूर्व प्रधान संपादक दिवंगत श्री रमेश चंद अग्रवाल की जयंती पर आयोजित प्रेरणा उत्सव समारोह में कहा कि वे एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनकी सोच, विचार और दृष्टिकोण आदर्श के रूप में आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं।
श्री कमलनाथ ने कहा कि हर मनुष्य को एक दिन प्रकृति के नियम के अनुसार अपनी देह का त्याग करना पड़ता है लेकिन उसके कर्म, जीवनशैली, व्यवहार और उद्यम हमेशा लोगों के बीच उसकी यादों को चिर-स्थाई बनाए रखते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री रमेश चंद जी एक ऐसी ही शख्सियत थे, जिन्होंने हिन्दी समाचार पत्र के इतिहास को स्वर्णिम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रमेश जी के व्यवहार में जीवन-पर्यंत मध्यप्रदेश की माटी की विशेषता, शालीनता, सज्जनता और आपसी प्रेमभाव देखने को मिला। उनमें कभी अहंकार नहीं रहा। वे अच्छे समाजसेवक थे।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मौके पर स्वर्गीय श्री रमेश चंद अग्रवाल के जीवन पर सुश्री भारती प्रधान द्वारा लिखी गई पुस्तक का विमोचन किया। समारोह में जनसम्पर्क मंत्री पी.सी। शर्मा, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल, श्रम मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, नगरीय विकास और आवास मंत्री जयवर्धन सिंह, कृषि विकास एवं कल्याण मंत्री सचिन यादव एवं भास्कर पत्र समूह के सर्वश्री सुधीर अग्रवाल और पंकज अग्रवाल उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



