कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जवाहर चावड़ा ने गुजरात विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस कार्यकारिणी समिति की 12 मार्च को होने वाली बैठक से पहले यह घटनाक्रम सामने आया है। जूनागढ़ जिले की माणावदर सीट से चार बार से विधायक चावड़ा को अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) का प्रभावशाली नेता माना जाता है। वह अहीर समुदाय से आते हैं।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा, ”जवाहर चावड़ा ने माणावदर सीट से इस्तीफा दे दिया है। वे त्यागपत्र सौंपने मेरे आवास पर आए थे। मैंने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कोई कारण नहीं बताया। चावड़ा आज से विधायक नहीं हैं।”
जवाहर चावड़ा ने माणावदर सीट पर 1990, 2007, 2012 और 2017 में जीत दर्ज की थी। वह बीते कुछ महीनों में सदन से इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के तीसरे विधायक हैं। पिछले साल जुलाई में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक कुवंरजी बावलिया ने विधायकी से इस्तीफा दे दिया था और वह भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए थे। मेहसाणा की उन्झा सीट से पहली बार विधायक बनीं आशा पटेल भी पिछले महीने कांग्रेस और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गई थीं।


Download Android App
Download iOS App




