अरुणाचल प्रदेश में जनता दल (यूनाइटेड) के एकमात्र विधायक तेकी कासो बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
अरुणाचल प्रदेश में कई जिला परिषद अध्यक्ष और सदस्य भी भाजपा में शामिल हो गए।
नड्डा ने पार्टी में उनका स्वागत करते हुए एक ट्वीट में कहा कि कासो और अन्य नेताओं के शामिल होने से संगठन और मजबूत होगा।
नड्डा ने कहा, ‘‘प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सभी नेता भाजपा की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।’’
तेकी कासो के आने के बाद 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 49 हो गई है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जद (यू) ने 2019 के अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें सात सीटों पर पार्टी को जीत मिली थी। वह भाजपा के बाद राज्य में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने सर्वाधिक 41 सीटें जीती थीं।
हालांकि, 25 दिसंबर, 2020 को जद (यू) के छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे।
विपक्षी दल कांग्रेस और भाजपा की सहयोगी पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के विधानसभा में चार-चार विधायक हैं, जबकि तीन विधायक निर्दलीय हैं, जो सत्तारूढ़ दल को समर्थन दे रहे हैं।
इस बीच, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और कांग्रेस से संबंधित तेलंगाना के कई नेता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए।


Download Android App
Download iOS App



