शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बृहस्पतिवार को पंजाब की आबकारी नीति में 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली की तरह राज्य के साथ भी धोखाधड़ी की गई है।
उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मामले की गहन जांच कराने की मांग भी की।
बादल ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने आबकारी नीति बनाते समय ‘‘दिल्ली मॉडल’’ का पालन किया। उन्होंने कहा कि शिअद पंजाब के राज्यपाल से कार्रवाई करने की अपील करेगी।
बादल ने कहा, ‘‘अब जब दिल्ली आबकारी घोटाले में प्राथमिकी दर्ज की गई है, तो पंजाब के मामले में भी ऐसा ही किया जाना चाहिए। नीति और नीति निर्माता समान हैं। सरकारी खजाने को लूटने का तरीका एक ही है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली की तरह पंजाब में भी शराब का लगभग पूरा कारोबार दो कंपनियों को सौंप दिया गया।’’
शिअद प्रमुख ने कहा कि नयी आबकारी नीति बनाते समय आप के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने दिल्ली में अपनी पार्टी की सरकार का अनुसरण किया।


Download Android App
Download iOS App



