नकदी बरामदगी मामले में जांच के दायरे में आये कांग्रेस के निलंबित विधायक इरफान अंसारी ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। एक अधिकारी ने बताया कि एजेंसी ने अंसारी की ही कार से नकद बरामदगी की जांच के सिलसिले में उन्हें तलब किया था, जिसमें वह पार्टी विधायकों राजेश कच्छप और नमन बिक्सल के साथ यात्रा कर रहे थे। गत वर्ष जुलाई में हावड़ा जिले में उनके वाहन से 49 लाख रुपये नकद बरामद होने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने तीनों विधायकों को गिरफ्तार कर लिया था।
अंसारी ने मीडिया से कहा कि उन्होंने चिकित्सा के आधार पर एजेंसी से समय मांगा है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे वकील चंद्र भानु सिंह ने आज ईडी कार्यालय का दौरा किया और अतिरिक्त मोहलत की गुहार लगाई। अगली तारीख जब भी दी जाएगी, मैं पेश होऊंगा और जांच में अपना पूरा सहयोग दूंगा।’’ ईडी ने अन्य दो विधायकों को अगले सप्ताह पूछताछ के लिए तलब किया है।ईडी ने इस मामले में 24 दिसंबर को कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह से नौ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।
सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि झामुमो के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार को गिराने के लिए तीन विधायकों ने उन्हें 10 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश की थी। सिंह ने दावा किया था कि उन्हें आरोपी के तौर पर नहीं, बल्कि मामले में शिकायतकर्ता के तौर पर समन किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय इस मामले में धनशोधन के पहलू की जांच कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



