पायलट या गहलोत, राजस्थान फतेह की प्लानिंग में जुटी कांग्रेस; बना रही सीक्रेट प्लान

Summary :

कांग्रेस ने राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की 16 जनवरी से प्रदेश में सभाओं और जनसंपर्क की शुरुआत करने की घोषणा की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को कहा कि राजस्थान में ऐसा समाधान ढूंढा जाएगा, जो संगठन के लिए फायदेमंद होगा।

कांग्रेस ने राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की 16 जनवरी से प्रदेश में सभाओं और जनसंपर्क की शुरुआत करने की घोषणा की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को कहा कि राजस्थान में ऐसा समाधान ढूंढा जाएगा, जो संगठन के लिए फायदेमंद होगा और पार्टी को मजबूत करेगा।
भारत जोड़ो यात्रा में देखने को मिली एकता
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस अध्‍यक्ष (खड़गे), हमारे प्रभारी सुखजिंदर रंधावा जी और कई नेता कुछ हल ढूंढने में लगे हुए हैं। राजस्थान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जो एकता, अनुशासन और एकजुटता हमें देखने को मिली है, उससे मुझे विश्‍वास है कि कोई न कोई रास्‍ता निकाला जाएगा, जो संगठन के लिए फायदेमंद होगा, व्‍यक्तियों को छोड़िए।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘संगठन सर्वोपरि है। जो रास्‍ता खरगे जी, रंधावा जी और सभी नेता ढूंढ़ निकालेंगे, वो कांग्रेस को मजबूत करेगा। व्‍यक्ति आएंगे, व्‍यक्ति जाएंगे। राहुल जी ने साफ कहा है, दोनों व्‍यक्‍ति (अशोक गहलोत एवं सचिन पायलट) हमारी पार्टी के लिए मूल्यवान हैं। इससे अधिक और कुछ मैं नहीं कह सकता हूं।’’
सचिन पायलट ने फूंका चुनावी बिगुल 
पायलट ने बृहस्पतिवार को घोषणा की थी कि वह अगले सप्ताह राजस्थान में जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान के विभिन्न ज़िलों में जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहूंगा। आमसभाओं और जनसम्पर्क का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा : 16 जनवरी – नागौर, 17 जनवरी – हनुमानगढ़, 18 जनवरी -झुंझुनू, 19 जनवरी – पाली और 20 जनवरी – जयपुर।’’ उधर, जयराम रमेश ने शुक्रवार को फिर दावा किया कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के कारण पूर्व वित्त सचिव अरविंद मायराम के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ये प्रतिशोध की राजनीति है, उत्पीड़न की राजनीति है। लेकिन यह यात्रा रुकने वाली नहीं है।’’

Desk Team