झारखंड की खुफिया एजेंसियों ने लोकसभा चुनाव के दौरान फर्जी मुद्रा के इस्तेमाल को लेकर राज्य के सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट जारी किया है। राज्य की विशेष शाखा के एक सूत्र ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, ‘आतंकी संगठन नक्सलियों की मदद से लोकसभा चुनाव में फर्जी मुद्रा का इस्तेमाल कर सकते हैं। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया गया है।’ सूत्र ने कहा, ‘पुलिस अधीक्षकों को रेल और सड़क परिवहन पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
सीमावर्ती बांग्लादेश या नेपाल से बिहार और बंगाल के जरिए फर्जी मुद्रा लाई जा सकती है।’ आम चुनाव की घोषणा के बाद से अब तक दो करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी जब्त की जा चुकी है। विशेष शाखा ने चुनाव में अवैध शराब के इस्तेमाल को लेकर भी पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट किया है। कुछ शराब व्यापारियों की पहचान की गई है और विशेष शाखा के अधिकारी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव में झारखंड में आखिरी चार चरणों में मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



