झारखंड: CM सोरेन का बड़ा ऐलान, 25 रुपये सस्ता मिलेगा पेट्रोल-डीजल, इस दिन से प्रभावी होगी योजना

Summary :

झारखंड सरकार ने राज्य में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को पेट्रोल-डीजल की कीमत में 25 रुपये की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है।

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने अपने राज्य की जनता के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। झारखंड सरकार ने राज्य में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को पेट्रोल-डीजल की कीमत में 25 रुपये की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। बुधवार को हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर रांची में आयोजित समारोह के दौरान यह घोषणा की गयी।  

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनता को दिया तोहफ 
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार के कई निर्णयों का एलान किया। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में गरीबों के लिए राहत की स्कीम के तहत लाभार्थी प्रतिमाह अधिकतम 10 लीटर डीजल या पेट्रोल की खरीदारी कर सकेंगे। इसमें प्रति लीटर कीमत पर 25 रुपये की छूट मिलेगी। छूट की यह राशि लाभार्थी को बैंक अकाउंट में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए प्राप्त होगी। यह योजना आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस से प्रभावी होगी।  
इतने स्तर तक सरकार देगी सब्सिडी  
सरकार का कहना है कि इस योजना के तहत एक माह में दस लीटर पेट्रोल या डीजल खरीद की सीमा इसलिए तय की गयी है, ताकि सब्सिडी का गलत फायदा नहीं उठाया जा सके। यह योजना दोपहिया वाहन चालकों और खेती-किसानी के लिए सिंचाई पंप चलाने वाले किसानों को ध्यान में रखकर बनायी गयी है।  
केंद्र सरकार के राहत दिए जाने के बाद झारखंड सरकार का फैसला 
बता दें कि पेट्रोलियम पदार्थों पर केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी में कमी किये जाने के बाद से ही झारखंड सरकार से राज्य की ओर से लिये जाने वाले वैट की दरें कम करने की मांग उठ रही थी। इस मुद्दे पर झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन भी पिछले दो माह से आंदोलित है। राज्य भर के पेट्रोलियम डीलर्स ने पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने की मांग को लेकर बीते 21 दिसंबर को पेट्रोल पंपों की हड़ताल रखी थी। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने दो-टूक कहा था कि राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों पर वैट नहीं घटाया जायेगा। उनका कहना था कि अब भी केंद्र सरकार की ओर से लगाये गये टैक्स ज्यादा हैं।

Desk Team