झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को झामुमो-कांग्रेस-रजद गठबंधन के विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री मनोनीत कर राज्य में नयी सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता अभिषेक प्रसाद ने इस आशय की जानकारी दी। सोरेन के 29 दिसंबर, रविवार दोपहर एक बजे यहां मोरहाबादी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री के रुप में शपथ लेने की संभावना है।
इससे पूर्व मंगलवार को सोरेन ने रात्रि पौने नौ बजे झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आर पीएन सिंह, राजद नेता तेजस्वी यादव और बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो के विधायकों समेत पचास विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। राज्यपाल ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए 29 दिसंबर को दोपहर एक बजे का समय दिया था।
सोरेन मंगलवार रात्रि में पूर्व निर्धारित आठ बजे की बजाय लगभग पौने नौ बजे राजभवन पहुंचे और उनके साथ वहां सरकार का समर्थन कर रहे लगभग सभी पचास विधायकों के साथ राजद के नेता लालू के पुत्र तेजस्वी यादव, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और कांग्रेस हाईकमान द्वारा नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव भी उपस्थित थे।
झामुमो के प्रवक्ता तथा महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि हेमंत और उनके अन्य सहयोगियों का शपथग्रहण समारोह राष्ट्रीय स्तर का होगा और इसमें देश के विपक्षी दलों के तमाम शीर्ष नेताओं और मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जायेगा। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि सोरेन के शपथग्रहण में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी में से से एक जरुर शामिल होगा। झारखंड विधानसभा चुनावों में 81 सीटों में से झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 47 सीटें मिली हैं।


Download Android App
Download iOS App



