मणिपुर के दिवंगत बीजेपी प्रमुख एस तिकेंद्र सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक पोस्ट डालने के आरोपों में पत्रकार किशोरचंद्र वांगखेम और कार्यकर्ता इरेंद्रो लिचोमबाम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत यह मामला दर्ज किया है। मणिपुर पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस से संक्रमित एस तिकेंद्र सिंह का पिछले हफ्ते निधन हो गया था। दोनों आरोपियों ने फेसबुक पर श्रद्धांजलि देते हुए अलग-अलग पोस्ट में लिखा था कि गाय का गोबर या गोमूत्र कोविड-19 से बचाव नहीं करते हैं। उन्हें गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
बीजेपी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष उषम देबान सिंह और महासचिव पी. प्रेमानंद मितई ने वांगखेम और लिचोमबाम के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी जिसके बाद पुलिस ने उन दोनों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। लिचोमबाम राजनीतिक संगठन पीपल्स रिसर्जेंस ऐंड जस्टिस अलायंस के समन्वयक हैं।
दोनों आरोपियों को सोमवार को जमानत मिल गई लेकिन इसके बाद सरकार ने उन पर एनएसए लगा दिया। इम्फाल वेस्ट के जिला मजिस्ट्रेट किरन कुमार ने अपने आदेश में कहा कि जमानत पर रिहा करने पर वे दोनों उन गतिविधियों को फिर से शुरू कर सकते हैं जो राज्य की सुरक्षा और लोक व्यवस्था के लिहाज से नुकसानदायक हों।
गौरतलब है कि समाचार पोर्टल ‘फ्रंटलाइन मणिपुर’ से जुड़े पत्रकार वांगखेम को बीजेपी की आलोचना करने पर पहले भी दो बार गिरफ्तार किया जा चुका है।


Download Android App
Download iOS App



