ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से नई दिल्ली में मुलाकात कर सकते हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाने की मांग को लेकर पार्टी में जारी आंतरिक कलह की खबरों के बीच ग्वालियर-चंबल इलाके के सिंधिया के कुछ समर्थक खुलकर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग को लेकर सड़कों पर आकर पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन करने लगे हैं। उनका कहना है कि यदि उनकी यह मांग आलाकमान द्वारा नहीं मानी गई, तो वे पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
इस मांग को लेकर इनमें से एक समर्थक आनंद अग्रवाल ने पिछले सप्ताह ग्वालियर स्टेशन के पास आत्मदाह करने का प्रयास भी किया था। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सिंधिया मंगलवार को नई दिल्ली में सोनिया से मिलेंगे।
पिछले साल दिसंबर में जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी, तो सिंधिया भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के साथ मुख्यमंत्री की दौड़ में थे। लेकिन, तब कमलनाथ मुख्यमंत्री बन गये। उसके बाद से मध्य प्रदेश अध्यक्ष का पद भी कमलनाथ के पास ही है।


Download Android App
Download iOS App



