काली विवाद : क्या महुआ मोइत्रा को निलंबित करेगी TMC? BJP का CM ममता से सवाल

Summary :

बीजेपी ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर टीएमसी पर जमकर निशाना साधा और पूछा कि क्या पार्टी उन्हें निलंबित करेगी?

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा मां काली पर विवादित टिप्पणी को लेकर बीजेपी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमलावर है। बीजेपी ने मंगलवार को मोइत्रा के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर टीएमसी पर जमकर निशाना साधा और पूछा कि क्या पार्टी उन्हें निलंबित करेगी? बीजेपी ने यह भी दावा किया कि मोइत्रा की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की चुप्पी ने राज्य के अंदर और बाहर हिंदू बंगालियों को नाराज कर दिया है।
पश्चिम बंगाल बीजेपी के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने अपने ट्विटर पोस्ट पर एक वीडियो शेयर किया और लिखा, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में एक विशाल मार्च का नेतृत्व किया। यहां से महुआ मोइत्रा सांसद हैं। मां काली पर विवादित टिप्पणी पर ममता बनर्जी की चुप्पी ने पश्चिम बंगाल के अंदर और बाहर हिंदू बंगालियों को नाराज कर दिया है। टीएमसी मोइत्रा को कब निलंबित करेगी?


इससे पहले मालवीय ने अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री के भाषण का जिक्र करते हुए कहा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न केवल बंगाल बल्कि पूरे भारत को मां काली की भक्ति का केंद्र बताते हैं। दूसरी ओर, एक टीएमसी सांसद ने मां काली का अपमान किया। उन पर कार्रवाई के बजाय ममता बनर्जी उनका बचाव करती हैं।

महुआ मोइत्रा ने अपने बयान में कहा था कि उनके लिए मां काली मीट खाने वाली और शराब स्वीकार करने वाली देवी हैं। इस बयान के बाद भाजपा लगातार टीएमसी सांसद पर हमला कर रही है। वहीं, टीएमसी का कहना है कि वह अपने सांसद के इस बयान का समर्थन नहीं करती। यह उनके निजी विचार हैं।

Desk Team