कमलनाथ ने साधा BJP पर निशाना, कहा- आम बजट या देश को बेचने की स्कीम

Summary :

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पर बड़ा तंज कसा है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पर बड़ा तंज कसा है। कहा है कि यह बजट है या देश को बेचने की स्कीम है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में यह भी लिखा कि बजट नहीं आया है, बजट गड़बड़ाने की स्वीकारोक्ति आई है। उन्होंने कांग्रेस के ट्वीट को रीट्वीट किया जिसमे लिखा था कि “शुक्र है- देश में 70 साल कांग्रेस ने शासन किया,यदि बीजेपी शासन करती तो हम फिर पत्थर से आग जलाने और पत्ते लपेटने के युग में पहुंच जाते।”
कमल नाथ ने बजट को लेकर प्रकाशित हुई खबरों को लेकर ट्वीट करते हुए लिखा है, 70 साल में जनता की गाढ़ी कमाई से देश ने जो संस्थान बनाये थे, सब बिक रहे हैं। सरकारी कंपनियां बेचेंगे, सरकारी बैंक बेचेंगे, बीमा कंपनियां बेचेंगे, एयरपोर्ट, बंदरगाह, बिजली प्राइवेट हाथो को देंगे और गैस भी निजी कंपनियों के पास चली जाएगी, यह बजट है या देश को बेचने की स्कीम? कमल नाथ ने अपने ट्वीट किया कि धनराशि जुटाने के लिए सरकार पीएसयू में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी।

Desk Team