कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को संकेत दिया कि वह कारोबारियों के विरोध के मद्देनजर अपनी सरकार द्वारा घोषित ‘‘रात के कर्फ्यू’’ सहित कोविड-19 रोकथाम संबंधी अन्य उपायों की समीक्षा कर सकते हैं। राज्य सरकार ने कोविड-19 के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए एहतियाती कदम के तहत 10 दिनों तक रात्रि कर्फ्यू की घोषणा की और मंगलवार रात से पूरे राज्य में यह लागू हो गया।
रात्रि कर्फ्यू हर दिन रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा और यह सात जनवरी की सुबह तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। रात के कर्फ्यू के विरोध के संबंध में बोम्मई ने यहां संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मैं इन सबका आकलन कर रहा हूं। देखते हैं क्या होता है। कल बेंगलुरु जाने के बाद मैं इस संबंध में कोई फैसला लूंगा।’’
रोकथाम के उपायों के तहत राज्य सरकार ने नए साल के जश्न में आयोजित किसी भी तरह की पार्टी और सार्वजनिक स्थानों पर सभाओं पर भी प्रतिबंध लगा दिया है और भोजनालयों, होटल, पब, क्लब और रेस्तरां जैसे स्थानों को 30 दिसंबर से दो जनवरी तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित करने का आदेश दिया गया है।
फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, होटल और पब मालिकों, ऑटो और टैक्सी मालिकों ने भी राज्य सरकार से रात के कर्फ्यू और नए साल के जश्न को लेकर पाबंदियों से संबंधित अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि यह समय उनके लिए कमाई का अच्छा अवसर होता है।


Download Android App
Download iOS App



