गोवा यात्रा से पहले केजरीवाल का ट्वीट- बदलाव की जरूरत, काफी गंदी हो चुकी है राजनीति

Summary :

गोवा की यात्रा से एक दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि तटीय राज्य में गंदी राजनीति बहुत हो चुकी है और अब वह बदलाव चाहता है।

गोवा की यात्रा से एक दिन पहले आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि तटीय राज्य में गंदी राजनीति बहुत हो चुकी है और अब वह बदलाव चाहता है। ‘आप’ नेता मंगलवार को राज्य की यात्रा करेंगे जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने यह चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, “ गोवा बदलाव चाहता है। विधायकों की खरीद-फरोख्त करने वाली पार्टियां काफी हैं। काफी गंदी राजनीति हो चुकी है। गोवा विकास चाहता है। कोष की कोई कमी नहीं है, सिर्फ ईमानदार नीयत की कमी है। गोवा ईमानदार राजनीति चाहता है। कल आपसे गोवा में मिलते हैं।”

बता दें कि गोवा में भारतीय जनता पार्टी के विधायक विल्फ्रेड डिसा के नुवेम गांव स्थित उनके आवास के बाहर रविवार को उस समय हंगामा पैदा हो गया, जब आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने डिसा के विरोध में प्रदर्शन किया। आप का दावा था कि डिसा के समर्थकों ने एक दिन पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को अपशब्द कहे थे। आप ने कहा कि डिसा के घर के बाहर रविवार को पार्टी के “शांतिपूर्ण विरोध” के दौरान उनके समर्थकों ने उसके सदस्यों पर अंडे और टमाटर फेंके। विधायक ने अपने समर्थकों द्वारा ऐसी कोई भी हरकत किये जाने का खंडन किया।
आप प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिमा कुटिन्हो के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी के नेताओं का एक समूह, दक्षिण गोवा में डिसा के घर गया था। यह, दो साल पहले कांग्रेस से भाजपा में गए 10 विधायकों को निशाना बनाने के आप के अभियान के तहत किया गया था। नुवेम से विधायक डिसा, उन 10 नेताओं में से हैं जो 10 जुलाई 2019 को भाजपा में शामिल हुए थे।
अभियान के तहत, आप कार्यकर्ता इन विधायकों के घर गए और कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्हें केक दिया। आप नेताओं ने कहा कि ज्यादातर विधायकों ने केक स्वीकार कर लिया, लेकिन शनिवार को डिसा के घर के बाहर आप कार्यकर्ताओं को अपशब्द कहे गए।

Desk Team