बाढ़ प्रभावित केरल को गृहमंत्री शाह ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन, भूस्खलन से मरने वालों की संख्या हुई 11

Summary :

अमित शाह ने कहा, “केंद्र सरकार जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता मुहैया कराएगी। एनडीआरएफ की टीम पहले ही बचाव अभियान में मदद के लिए भेजी जा चुकी है। सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।”

केरल में भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन से हालात बेहद चिंताजनक बने हुए है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई लोग लापता हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बारिश से बेहाल केरल के लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। 
राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, कोट्टायम जिले के कूट्टिकल में आए भूस्खलन के मलबे से 2 अन्य शवों के बरामद होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने तलाश, बचाव एवं राहत अभियान के लिए राज्य में 11 टीमों को तैनात किया है। 


गृह मंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि सरकार ‘‘भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर केरल के कुछ हिस्सों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।’’ अमित शाह ने कहा, ‘‘ केंद्र सरकार जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता मुहैया कराएगी। एनडीआरएफ की टीम पहले ही बचाव अभियान में मदद के लिए भेजी जा चुकी है। सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा, ‘24 घंटे का अलर्ट देखा जाना चाहिए और जलस्रोतों के करीब रहने वाले सभी लोगों को बहुत सतर्क रहना होगा और किसी को भी पानी में नहीं जाना चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों या स्थानों पर यात्रा करने से बचना चाहिए, जहां बारिश हो रही है और भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों से बचा जाना चाहिए। इसके साथ ही सतर्क रहना होगा।’

Desk Team