Punjab: ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, जेल से…

Summary :

Punjab: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पंजाब पुलिस ने बीएसएफ (BSF) और राजस्थान पुलिस की मदद से एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. यह नेटवर्क पाकिस्तान और कनाडा में बैठे तस्करों द्वारा चलाया जा रहा था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाक सीमा के पास से 60.302 किलो हेरोइन बरामद की गई है. यह खेप पाकिस्तान से भारत भेजी गई थी. इस बड़ी…

Punjab: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पंजाब पुलिस ने बीएसएफ (BSF) और राजस्थान पुलिस की मदद से एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. यह नेटवर्क पाकिस्तान और कनाडा में बैठे तस्करों द्वारा चलाया जा रहा था.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाक सीमा के पास से 60.302 किलो हेरोइन बरामद की गई है. यह खेप पाकिस्तान से भारत भेजी गई थी. इस बड़ी कार्रवाई में अब तक पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर से जुड़े कम से कम 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

गगनदीप सिंह उर्फ गगन (23 वर्ष) – गांव रामपुरा, अमृतसर

जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन (20 वर्ष) – गांव खुरमनियां, अमृतसर

गुरसाहिब सिंह (25 वर्ष) – गांव बोपाराय बाज, अमृतसर

राजीव पंजगोत्रा उर्फ राजवीर (29 वर्ष) – गांव कल्याणा, जम्मू-कश्मीर

सोमनाथ (62 वर्ष) – फतेहपुर ब्राह्मणा, जम्मू-कश्मीर

पुरुषोत्तम सिंह उर्फ काला (50 वर्ष) – सिम्बल कैंप, जम्मू

कुलविंदर सिंह (24 वर्ष) – गांव मूलेचक, अमृतसर

रजिंदर कौर (42 वर्ष) – गांव टांडा, जम्मू-कश्मीर

इसके अलावा एक हवाला ऑपरेटर को भी हिरासत में लिया गया है.

जेल से चल रहा था नशा रैकेट

पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क गुरसाहिब सिंह नामक तस्कर चला रहा था, जो इस समय गोइंदवाल साहिब जेल में बंद है. जेल के अंदर से वह मोबाइल फोन के जरिए पाकिस्तान और कनाडा से जुड़े तस्करों से संपर्क में था और पूरा नेटवर्क संभाल रहा था. पुलिस ने उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया गया है.

कनाडा और पाकिस्तान से जुड़े तस्कर

इस नेटवर्क को पाकिस्तान में बैठे तस्कर तनवीर शाह और कनाडा आधारित हैंडलर जोबन क्लेर चला रहे थे. ये दोनों विदेशी तस्कर भारत में गुरसाहिब सिंह के जरिए ड्रग्स की तस्करी करवा रहे थे.
इस जांच के दौरान एक हवाला ऑपरेटर की गिरफ्तारी से यह भी पता चला है कि ड्रग्स के पैसे का लेन-देन हवाला के जरिए किया जा रहा था. पुलिस ने हवाला के पूरे नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया है.

अभियान की बड़ी सफलता

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह ऑपरेशन तब शुरू हुआ जब गुरसाहिब सिंह को पहले 1 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा गया था. इसके बाद गगनदीप और जशनप्रीत की गिरफ्तारी से मिले सुरागों के आधार पर 60 किलो हेरोइन की बरामदगी संभव हो सकी.

यह भी पढ़ें-दिलजीत दोसांझ को मिला कांग्रेस का साथ, प्रताप सिंह बाजवा बोले- उनकी सराहना होना चाहिए

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।