झारखंड में चरमराई कानून-व्यवस्था! बजरंग दल के कार्यकर्ता की हत्या, शहर-शहर विरोध प्रदर्शन

Summary :

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में संगठन के प्रदर्शन के कारण सोमवार को दुकानें बंद रहीं तथा सड़कों से वाहन नदारद रहे।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में संगठन के प्रदर्शन के कारण सोमवार को दुकानें बंद रहीं तथा सड़कों से वाहन नदारद रहे।पुलिस ने बताया कि कमलदेव गिरि (35) की हत्या के विरोध में कई दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा बुलाया गया सुबह से शाम तक का बंद शांतिपूर्ण रहा और कोई अप्रिय घटना दर्ज नहीं की गयी।उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर कस्बे में शनिवार शाम को गिरि पर बम फेंके गए, जिसमें उसकी मौत हो गयी।
संवेदनशील इलाकों में जवान तैनात
बजरंग दल के समर्थकों ने हत्या के विरोध में बाइक रैलियां निकाली, जिसके कारण चक्रधरपुर और चाईबासा में दुकानें तथा प्रमुख बाजार बंद रहे।प्रदर्शनकारियों ने जिले में अहम चौराहों पर टायर जलाकर भी विरोध प्रदर्शन किया। सड़कों से वाहन नदारद रहे, जिसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।चक्रधरपुर के अनुमंडलीय पुलिस अधिकारी कपिल चौधरी ने बताया कि कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।
दो समुदायों के बीच झड़पें शुरू
पुलिस ने मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।पुलिस ने बताया कि चक्रधरपुर के पवन चौक इलाके में जब गिरि के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था, तो दो समुदायों के बीच झड़पें शुरू हो गयी थीं।उन्होंने बताया कि स्थिति को काबू में करने के लिए ‘‘हल्का’’ बल प्रयोग करना पड़ा था। प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए दोनों समुदायों के नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है।

Desk Team