भाजपा के जोरदार प्रचार अभियान के बावजूद पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के शानदार जीत की ओर बढ़ने के साथ ही कुछ नेताओं ने कहा कि ममता बनर्जी ‘‘स्वाभाविक’’ नेता हैं जो आगामी दिनों में भाजपा के खिलाफ विपक्ष की राजनीति का मार्गदर्शन कर सकती हैं।
तृणमूल कांग्रेस की जीत को गैर भाजपा दलों की जीत के तौर पर देखा जा रहा है। विभिन्न दलों के नेताओं ने ममता बनर्जी को उनकी पार्टी की जीत पर बधाई दी। एक नेता ने कहा, ‘‘केंद्र में सत्तारूढ भाजपा कोरोना वायरस संकट से निपटने में जूझ रही है और कांग्रेस का दायरा सिमटता जा रहा है और वाम दल भी बंगाल में जनाधार खो चुका है, ऐसे में एक नेता के तौर पर बनर्जी भाजपा के खिलाफ विपक्ष का नेतृत्व करने के लिए स्वाभाविक नेता के तौर पर उभर कर सामने आयी हैं।’’
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट किया, ‘‘सांप्रदायिक ताकतों और असहिष्णुता पर ममता बनर्जी की शानदार जीत के लिए उनको बधाई। बंगाल के मतदाताओं ने दिखा दिया कि वे क्या चाहते हैं। भाजपा को उसके बराबर की टक्कर मिली और वह हार गई।’’ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बनर्जी को बधाई दी । केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ममता दीदी को जबरदस्त जीत पर बधाई।
पश्चिम बंगाल के लोगों को शुभकामनाएं।’’ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने भी तृणमूल कांग्रेस प्रमुख को शुभकामनाएं दी। पवार ने ट्वीट किया, ‘‘इस शानदार जीत के लिये ममता बनर्जी को बधाई। इस चुनौतीपूर्ण समय में लोगों के कल्याण और महामारी से निपटने के लिए अपना काम जारी रखें।’’ भाकपा नेता डी राजा ने बनर्जी को ‘योद्धा’ बताया और कहा कि उनकी जीत भाजपा के चेहरे पर ‘तमाचा’ है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में भाजपा की नफरत की राजनीति को हराने वाली जागरुक जनता, जुझारू ममता बनर्जी जी व तृणमूल कांग्रेस के समर्पित नेताओं व कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।’’ शिवसेना के सांसद संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ममता बनर्जी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मोदी जी और अमित शाह अजेय नहीं हैं। उन्हें भी हराया जा सकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



