Liquor Scam Case: KCR की बेटी कविता से 7 घंटे तक हुई पूछताछ, CBI ने दर्ज किए बयान

Summary :

दिल्ली शराब घोटाला मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव (केसीआर) की बेटी और टीआरएस विधायक के.कविता से सीबीआई ने रविवार को 7 घंटे तक पूछताछ की।इस दौरान उनके बयान भी दर्ज किए गए।

दिल्ली शराब घोटाला मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की बेटी और टीआरएस विधायक के. कविता से सीबीआई ने रविवार को 7 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान उनके बयान भी दर्ज किए गए। छह सदस्यीय सीबीआई की टीम सुबह ही उनके हैदराबाद में बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास पहुंच गई थी।
TSR नेता कविता को पूछताछ के लिए समन किया था
इस मामले में सीबीआई ने पूछताछ के लिए के. कविता को समन जारी किया था, लेकिन पूछताछ से पहले टीआरएस कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के आसपास पोस्टर लगा दिए थे। इन पर लिखा था “योद्धा की बेटी कभी नहीं डरती’। सीबीआई ने इससे पहले 6 दिसंबर को टीआरएस नेता कविता को पूछताछ के लिए समन किया था, लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई अन्य तारीख देने की अपील की थी।सीबीआई की पूछताछ पूरी होने के बाद शाम को तेलंगाना के पशुपालन मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव ने कविता से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। इसके बाद में, कविता मुख्यमंत्री राव के आधिकारिक निवास-सह कार्यालय ‘प्रगति भवन’ गई और अपने पिता से मिलीं।
आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया
मामले में दिल्‍ली की एक अदालत में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दायर रिमांड रिपोर्ट में के. कविता का नाम सामने आया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि वह किसी भी जांच का सामना करने को तैयार हैं। सीबीआई ने इस संबंध में बीते 25 नवंबर को सात आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था।ईडी ने दिल्‍ली की एक अदालत में आरोपी अमित अरोड़ा के खिलाफ दाखिल की गई रिमांड रिपोर्ट में कहा था कि अब तक की जांच के अनुसार, आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं की ओर से विजय नायर ने साउथ ग्रुप नामक एक ग्रुप से अमित अरोड़ा समेत विभिन्न व्यक्तियों के माध्यम से कम से कम 100 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी।

Desk Team